बुधवार, 24 अक्टूबर 2012

रावण कौन?

आज एक बार फिर 'इन्सान' ने रावण को जला दिया। हर वर्ष की तरह भारी भीड़ जुटी जलते हुए रावण को देखने के लिए।

मैं चंडीगढ़ अपने ऑफिस से लौट रहा था तो कई जगह रस्ते में रावण के पुतलों को खड़े तो कई जगह उन्हें जलते हुए देखा। लोगों की भीड़ उनके आस-पास विचरण कर रही थी। मैं सोचने को मजबूर हो गया कि - रावण कौन है? 'हम' (आज का इन्सान) या वो जिसका वध 'राम' ने किया था या फिर ये जिसे हम हर वर्ष जलाते हैं?

गाड़ी ड्राइव करते हुए पूरे रास्ते मैं यही सोचता रहा कि कितना फर्क है उस रावण में और "आज के रावण" यानि इन्सान में। एक वो रावण था जिसने दो माह से अधिक समय तक सीता को अपनी कैद में रखने के बावजूद उसे छुआ तक नहीं था और एक आज का रावण (इन्सान) है, जो देवी रूपा मासूम बच्चियों को भी नहीं बख्शते।

कितना अंतर है उस रावण और आज के इन्सान में। आज के इन्सान को सड़क पर चलती लड़कियों को निहारते हुए बुरी नजर से देखते हुए तो उसे अपनी बहन, बेटी, माँ याद नहीं आती, लेकिन जब उनकी बहन-बेटी को कोई देखता है या उनसे रिश्ता बनाता है यानि भागकर शादी करता है तो वही 'इन्सान' दोनों का खून करने से भी नहीं कतराता।

आखिर यह दोहरी मानसिकता क्यों? फिर रावण कौन है? आज का इन्सान जो दोहरी मानसिकता में जीता है वो या वो जिसने अपनी कैद में होने के बावजूद भी सीता को छुआ तक नहीं था। आज का इन्सान जो जन्म से पहले गर्भ में ही कन्या भ्रूण हत्या करता है, क्या वह रावण नहीं है?

फिर हमें क्या अधिकार है कि हम हर साल रावण का पुतला फूंकते हैं। कोई नहीं सोचता कि रावण कौन था? कोई ध्यान नहीं देता कि रावण चारों वेदों का ज्ञाता था। वह चरित्र का पाक-साफ आदमी था। धर्म -कर्म में उसका आज कोई मुकाबला नहीं कर सकता। फिर भी हम उसका पुतला फूंकते हैं। धिक्कार है हम पर, हम एक मुह वाले उसे दस मुह वाले, हमसे कहीं अधिक अच्छे आदमी का पुतला फूंकते हैं।

आप  कहेंगे मैं रावण को अच्छा इन्सान बताने लगा। किसी आरएसएस वाले ने मेरा ब्लॉग पढ़ लिया तो  हो सकता है मेरे खिलाफ धार्मिक भावना भडकाने का केस भी ठोक दे। लेकिन मैं ये बता देना चाहता हूँ कि आज के इंसानी करेक्टर से तो वो रावण ही अच्छा था। ये दिगर बात है कि उस रावण ने अपनी एक जिद्द और अहम् की खातिर अपनी सेना, रिश्तेदारों को बलि का बकरा बना दिया, लेकिन उसे भी अपने किये का फल भुगतना पड़ा और देखो इतना फल भुगता कि अत्यधिक विद्वान होने के बावजूद आज तक बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में इंसानी कोप का शिकार होना पड़ रहा है।

आज के इन्सान को फिर भी समझ नहीं आ रहा कि उस विद्वान को अपनी गलतियों के लिए इतनी बड़ी सजा भुगतनी पड़ रही है तो आज सिर से पैर तक अपराध और बुरे कर्मों में फंसे इन्सान को भयंकर सजा भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।

मेरा ये मानना है कि आज प्रत्येक इन्सान की सोच में रावण बसता है और उस विद्वान रावण का पुतला फूंकने से पहले हमें अपने अन्दर के रावण को फूंकना होगा, तभी हम उस रावण का पुतला फूंकने के अधिकारी होंगे।

आपका
जीतेंदर जीत सैनी

बुधवार, 26 सितंबर 2012

क्यों पड़ी सफाई देने की जरूरत?



सोनिया गांधी के ‘रट्टू तोते' ने पिछले दिनों जनता के सामने आकर डीजल के दामों में वृद्धि, रसोई गैस सिलेंडर की सीमा तय करने और रिटेल में एफडीआई को इजाजत देने के यूपीए सरकार के फैसले पर अपनी सफाई दी। आखिर यह सफाई देने की कांग्रेस को यानि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जरूरत क्यों पड़ी? यह सोच का विषय है।
मैं इस बारे में विस्तार से लिखने की बजाय पहले कुछ ओर बातें कहना चाहूंगा। उपरोक्त लाइन में मैंने लिखा है - ‘यूपीए सरकार का फैसला' इसे यूपीए सरकार का फैसला कहना भी गलत है, यह तो कांग्रेस का फैसला है। दूसरा यह कि आप लोगों ने यदि मिस्टर "एम एम सिंह" यानि मिस्टर "मजबूर मूर्ख सेनापति" का इंटरव्यू देखा हो तो यह दूरदर्शन के सौजन्य से अन्य चैनलों पर प्रसारित हुआ था। देखने से साफ पता चल रहा था कि यह इंटरव्यू एडिट था - यानि हमारे ‘माननीय प्रधानमंत्री को लाइव इंटरव्यू से भी डर लगने लगा है। वह जनता के सामने आने से डरते हैं। अपने कर्मो के कारण डरते हैं जनता का सामना करने से। ये तो वो वाली बात हुई कि ‘बिल्ली को देख कबूतर ने आंखे बंद कर ली'।
खैर, अब मैं मुद्दे की बात करता हूं। प्रधानमंत्री ने अपने इंटरव्यू के दौरान बहुत सी बातें ऐसी कही, जैसे उन्होंने भारत देश की सवा अरब जनता पर कोई एहसान किया है। उन्होंने कहा - ‘डीजल के घाटे को खत्म करने के लिए इसका दाम 17 रुपए बढ़ाना था'। मानो वे कह रहे हों - देश की बेवकूफ जनता हमने बढ़ाने तो थे 17 रुपए, लेकिन केवल 5 रुपए बढ़ाकर तुम्हारे ऊपर एहसान किया है।
इसी तरह उन्होंने कहा 'सबसिडी से घाटा लगातार बढ़ रहा था। हम घाटा पूरा करने के लिए पैसे कहां से लाते? ‘पैसे पेड़ पर तो नहीं लगते'। ऐसा कहकर वे क्या जताना चाहते थे? प्रधानमंत्री जी मैं आपसे जानना चाहता हूं और मैं ही क्यों भारत की जनता आपसे जानना चाहती है कि आखिर जब आपको इस बात का पता चल ही गया है कि पैसे पेड़ पर नहीं लगते हैं तो क्यों नहीं जरा आज तक हुए घोटालों की रिकवरी शुरू कर दी जाए। शायद आपको इस बात का इलम होगा कि ये घोटाले करने वाले आपके अपने मंत्री हैं। जितने घोटाले आपके कार्यकाल में हुए हैं, उतने पहले कभी नहीं हुए।
प्रधानमंत्री जी ने भाषण के दौरान बार-बार 1991 को याद दिलाने के प्रयास किए। शायद आप सभी जानते हैं वे 1991 के उस वर्ष को याद दिलाने की कोशिश कर रहे थे जब देश की अर्थव्यवस्था खतरे में थी। आज के प्रधानमंत्री उस समय के वित्त मंत्री थे और उन्होंने देश को अर्थव्यवस्था के खतरे से उबारा था। माननीय पीएम साहब मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि क्या वह आपकी ड्यूटी नहीं थी। इसमें देश की जनता पर एहसान जताने की जरूरत क्या है? क्या आपने कुछ नया किया था? आपने वही किया जो आपका फर्ज था। आपको इसके लिए देश की जनता पर एहसान नहीं जताना चाहिए।

साथियों मैं आपको एक उदाहरण देना चाहूंगा, फिर आप स्वयं ही अंदाजा लगाना। 
एक कुम्हार था। वह अपने गधे को एक रेहड़ी से जोड़कर मिट्टी ढोहता था और मिट्टी के बर्तन बनाकर परिवार का गुजारा चलाता था। उसका काम अच्छा चल रहा था। इस बात से उसके एक पड़ोसी को जलन होती थी। वह अकसर उसे नीचा दिखाने का प्रयास करता रहता था। वह इस कोशिश में रहता था कि कब उसका धंधा चौपट करूँ ताकि उसे खाने के भी लाले पड़ जाएं और वह उससे ऊपर न उठ पाए। उसने सोचा कुम्हार का गधा उसके पास न रहे तो वह अपंग हो जाएगा और उसका धंधा चौपट हो जाएगा। यह सोचकर उसने कुम्हार का गधा खरीद लिया। उसने गधा खरीद तो लिया, लेकिन वह उसका करता क्या? वह तो ऑफिस जाने वाला आदमी था। गाड़ी पर ऑफिस जाता था। अब वह करता भी तो क्या? गधा तो खरीद ही लिया था। एक दिन उसने सोचा पेट्रोल के दाम बढ़ गए हैं खर्चा ज्यादा होता है। गधा खाली खड़ा है। क्यों न गाड़ी गधे से खिंचवाई जाए। उसने गधे को गाड़ी के आगे बांध लिया। अब गधा बेचारा रेहड़ी तो खींच सकता था, गाड़ी कहां से खींचता। धीरे-धीरे खींची तो वह आदमी ऑफिस लेट पहुंचा।
इसका अर्थ यह है कि जो गधा रेहड़ी ही खींच सकता है भला वह गाड़ी कैसे खींच सकता है। यानि ‘जिसका काम उसी को साजे, दूजा करे तो डंका बाजे'। पीएम साहब हम मान लेते हैं कि आपने 1991 में आपने देश की अर्थव्यवस्था को दुरुस्त किया था, लेकिन अब पीएम के रूप में आप पूरी तरह से फेल साबित हुए हैं। मतलब यह कि आप एक मास्टर के रूप में ही कामयाब थे, लेकिन हैडमास्टर के रूप में तो फेल हो गए। आप एक प्रेस कांफ्रेंस में स्वयं को मजबूर कह चुके हैं। अब जनता के नाम संबोधन में डीजल के दामों में बढ़ोतरी, रसोई गैस सिलेंडर का कोटा निर्धारित करने और रिटेल में एफडीआई को मंजूरी देने को भी आपने अपनी मजबूरी बताया है। ऐसा क्या है कि बार-बार आप अपनी मजबूरी का हवाला देकर जनता पर ही बोझ डालते रहेंगे? आखिर आप अपने मंत्रियों-नेताओं के घोटालों पर अंकुश लगाने का काम क्यों नहीं करते?

दोस्तो, आपके कमेंट्स का इंतज़ार रहेगा। 
आपका, 
जीतेंदर सैनी 

शुक्रवार, 20 जुलाई 2012

बिन पैंदी का लौटा

मुलायम ने पहले संगमा फिर प्रणब को डाला वोट
आखिर दिल का इरादा जाहिर हो ही गया

पहले ममता की तरफ बोलने वाले मुलायम ने एन वक़्त पर पाला बदला और यूपीए की तरफ लुढ़क गया. शायद कुछ 'मिल' गया होगा तभी तो उस तरफ लुढ़क गया. ये बात साबित हो गई प्रेसिडेंट चुनाव के दिन. मुलायम सिंह यादव ने दिल की आवाज़ सुन पहले संगमा को वोट कर दिया, लेकिन ध्यान आया तो दूसरा फार्म मांगकर दोबारा वोट डाली. कितनी शर्म की बात है, लेकिन इन नेताओं को शर्म कहाँ?
वो कहते हैं ना कि जिसने शर्म बेच दी या शर्म को घर के एक कोने में रख दिया वो ही राजनीति में आता है. इसलिए दोस्तों :-
गधे कि बात का.
मौसम की बरसात का..
और...
नेता की बात का....
कभी विश्वास नहीं करना चाहिए.

परिचय

दोस्तों
मेरे नए ब्लॉग में आपका स्वागत है.
मैं अपने पहले ब्लॉग को continue नहीं रख सका. एक तो मुझे टाइम नहीं लग सका और दूसरा मुझे उस ब्लॉग का वेब एड्रेस व् नाम भी पसंद नहीं थे. अब नये नाम के साथ मैं आपके सामने फिर हाजिर हूँ. उम्मीद है मेरा यह ब्लॉग आपको पसंद आएगा और आप इसमें लिखे लेख आदि पर अपनी टिप्पणी करेंगे.
मैंने इस ब्लॉग का वेब एड्रेस अपनी बिटिया 'पूर्णिका' के नाम पर रखा है, जिसे मैं बेहद प्यार करता हूँ और इसका जो title 'कल्पना' है वो मेरी सोच पर आधारित है.
जितेंदर  सैनी